नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित शाहदरा जिला पुलिस मुख्यालय का दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने उद्घाटन किया। उन्होंने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। शाहदरा जिला पुलिस मुख्यालय को आम लोगों से मेलजोल बढ़ाने के लिए दिल्ली पुलिस ने यहां 24 घंटे वाईफाई इंटरनेट मुहैया करा रखा है। इतना ही नहीं मुख्यालय परिसर में बच्चों के खेलने के लिए पार्क, वरिष्ठ नागरिकों के लिए लाइब्रेरी की भी व्यवस्था की गई है।

पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक का स्वागत किया गया
अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक ने कहा कि पूर्वी जिले में अपराध ज्यादा है और जनसंख्या भी। इस बात का ध्यान रखते हुए शाहदरा जिला का पुलिस हेडक्वार्टर बनाया गया है। इससे पुलिस लोगों की अच्छे से सुरक्षा कर सकेगी और उनसे मेलजोल बनाए रखेगी।

शाहदरा पुलिस मुख्यालय परिसर में बच्चों के खेलने के लिए बनाया गया पार्क
इस मौके पर पी कामराज और एसबीके सिंह (स्पेशल कमिश्नर, कानून-व्यवस्था) के अलावा दिल्ली पुलिस के मुख्य प्रवक्ता और स्पेशल कमिश्नर दीपेंद्र पाठक, पूर्वी रेंज के ज्वाइंट कमिश्नर रवीन्द्र यादव समेत कई शीर्ष पुलिस अधिकारी मौजूद थे।

शाहदरा जिला पुलिस मुख्यालय
शाहदरा जिला को पूर्वी और पूर्वी-उत्तरी जिले से अलग करके बनाया गया है। यहां 1 जनवरी 2017 से ही पुलिस अपना कार्य कर रही है। शाहदरा जिले के अन्दर 10 थाने आएंगे जिनमें विवेक विहार, आनंद विहार, गांधी नगर, कृष्णा नगर, गीता कॉलोनी, फर्श बाजार, शाहदरा, एमएस पार्क, सीमा पुरी, और जीटीबी इन्क्लेव शामिल है।
