हिसार। लुवास स्थित प्रथम हरियाणा आर एंड वी स्कवाड्रन एनसीसी के 4 कैडेट भी इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में हिस्सा लेंगे। चारों कैडेट मंगलवार को अपने घोड़ों के साथ दिल्ली रवाना हुए। कमान अधिकारी कर्नल धर्मवीर नेहरा ने इन कैडेट्स को रवाना किया। दल में शामिल कैडेट जय सिंह और कैडेट प्रियंका श्योराण पशु चिकित्सा कालेज लुवास तथा कैडेट दीक्षा कृषि कालेज हरियाणा कृषि विश्वविद्याल में पढ़ाई कर रही है। कैडेट सौरभ खेल स्पोर्ट्स स्कूल राई का छात्र है।

ड्यूटी के दौरान हरियाणा पुलिस के घोड़े (फाइल)
ये कैडेट्स गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में अपने करतब दिखाएंगे। दल में इन कैडेट्स के अलावा घुड़सवारी कोच रिसालदार विजेंद्र सिंह, रवि कुमार मिश्रा, विनोद, राजकुमार तथा घोड़े गंगाधर, मोती, गगन और जहांपनाह भी हैं। कर्नल नेहरा ने इस अवसर पर कहा कि उन्हें भरोसा है कि सभी कैडेट्स अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर अपना और अपने संस्थान, शहर और राज्य का नाम रोशन करेंगे। कर्नल नेहरा ने दल को एनसीसी और यूनिट की शर्ट भी भेंट की। इस मौके पर अनेक छात्र और यूनिट कर्मचारी भी मौजूद थे।
