रायपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने यहां माना स्थित छत्तीसगढ़ विशेष सशस्त्र बल की चौथी बटालियन के मुख्यालय में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शहीद जवानों के पार्थिव शरीरों पर पुष्पचक्र अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री ने सुकमा हमले में शहीद हुए जवानों के परिजनों को एक करोड़ की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। दूसरी तरफ, सीआरपीएफ के जवान इस साल होली नहीं मना रहे हैं। सुकमा घटना से इनमें बहुत आक्रोश है। 12 जवानों की शहादत से आहत दंतेवाडा जिले के जवानों ने इस बार की होली अपने साथी जवानों के नाम समर्पित कर श्रद्धांजलि दी है।

केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ विशेष सशस्त्र बल की चौथी बटालियन के मुख्यालय में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शहीद जवानों के पार्थिव शरीरों पर पुष्पचक्र अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की
अलग-अलग राज्यों के ये जवान सुकमा जिले में अपनी ड्यूटी के दौरान हुए माओवादी हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हो गए थे। उनके पार्थिव शरीर हेलीकॉप्टर द्वारा यहां लाए गए। शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन धारण किया गया, शस्त्र झुकाए गए और उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया।
केन्द्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश सरकार के गृह मंत्री रामसेवक पैकरा, गृह विभाग के प्रमुख सचिव बी.व्ही.आर. सुब्रमण्यम, पुलिस महानिदेशक ए.एन. उपाध्याय, पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन) डी.एम. अवस्थी, सीआरपीएफ के महानिदेशक एस. लखटकिया और केन्द्र तथा राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
केन्द्रीय गृह मंत्री CRPF के घायल जवानों से मिले
केन्द्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने शनिवार रात राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचकर वहां दाखिल सीआरपीएफ के दो घायल जवानों-जयदेव और मोहम्मद सलीम से मुलाकात की और जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी।
उन्होंने डॉक्टरों से भी दोनों की सेहत के बारे में पूछा। साथ ही डॉक्टरों को उनका बेहतर से बेहतर इलाज करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने घायल जवानों की एक्सरे रिपोर्ट भी देखी। केन्द्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री ने दोनों घायल जवानों का हौसला बढ़ाया और उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
राजनाथ सिंह ने घायल जवानों को विश्वास दिलाया कि उनके इलाज का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। उन्होंने दोनों से कहा कि सरकार आपके साथ है। अगर आपके परिजन यहां आना चाहे तो उनके आने-जाने की व्यवस्था भी सरकार की ओर से की जाएगी। घायल जवान जयदेव पश्चिम बंगाल के और मोहम्मद सलीम गुलमर्ग (जम्मू-कश्मीर) के निवासी हैं।
