बोकारो। पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) की संयुक्त टीम एक लाख रुपये के इनामी नक्सली बलदेव मांझी उर्फ बलदेव मुर्मू उर्फ छोटू किस्कू को गिरफ्तार करने में कामयाब रही। किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे बलदेव को CRPF और पुलिस ने कोसी गांव के पास धर दबोचा।
पुलिस के मुताबिक बलदेव बीते कई बरसों से नक्सली सगंठन के लिए काम कर रहा है। पुलिस पहले भी वर्ष 2009 में उसे गिरफ्तार कर चुकी है। उसे जेल भी भेजा गया था लेकिन जेल से निकलने के बाद वह फिर नक्सली गतिविधियों को अंजाम देने में जुट गया। बोकारो और गिरिडीह जिले में वह नवीन मांझी दस्ते में सक्रिय था। नवीन की गिरफ्तारी से बाद वह दूसरे दस्तों के साथ काम करने लगा। पुलिस के मुताबिक वह वर्ष 2016 और 2017 में जिले में हुई लगभग हर छोटी-बड़ी नक्सली वारदात में शामिल रहा है।
पुलिस के मुताबिक खेती-किसानी की आड़ में वह नक्सली संगठन के लिए काम करता है। पूछताछ में उसने नक्सलियों के उन समर्थकों के नाम भी बताए हैं जिनके बारे में पुलिस भी नहीं जानती। बलेदव से मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस नक्सल संगठन की कमर तोड़ने में जुट गई है।
