सीमा सुरक्षा बल (BSF) दुनिया का सबसे बड़ा अर्ध-सैनिक बल है। इसके जवान और अफसर खून को जमा देने वाली बर्फ, हाड़ को कपां देने वाली ठंड झुलसा देने वाली रेत, घने व खतरनाक जंगल तथा बहते पानी के बीच अपने कर्तव्य का पालन करते हैं। देश की सुरक्षा के लिए पूरी जांबाजी के साथ चौबीसों घंटे तैनात रहते हैं। बीएसएफ ने ऐसे तमाम ऑपरेशनों को अंजाम दिया है जो जवानो-अफसरों की सूझ-बूझ, बहादुरी तथा उनकी अनुकरणीय वीरता को प्रकट करता है। हमेशा चौकन्ना रहने वाला यह बल देश सुरक्षा के लिए कई अभियानों को अंजाम दे चुका है। आइये जानते हैं इन्हीं 5 प्रमुख ऑपरेशन के बारे में-
बीएसएफ का ‘ऑपरेशन अर्जुन’
सितंबर, 2017 में बीएसएफ जवानों ने सीमा के करीब बने पूर्व और वर्तमान पाकिस्तानी सैन्य अफसरों के घरों को निशाना बनाते हुए ‘ऑपरेशन अर्जुन’ चलाया था। दरअसल, पाकिस्तान की ओर से आए दिन सीमावर्ती इलाकों में आम नागरिकों को निशाना बनाया जाता था। इसके बदले में बीएसएफ जवानों ने पाक को मुहंतोड़ जवाब देने की ठानी और यह ऑपरेशन शुरू किया। अभियान में बीएसएफ ने पाकिस्तान के पूर्व सैनिकों, आईएसआई और पाक रेंजर्स के अधिकारियों के आवास स्थलों को निशाना बनाया था। लंबी दूरी के 81 एमएम जैसे हथियारों से पाक सेना और रेंजर्स के कई आउट पोस्ट भी तबाह किए गए थे। इस दौरान पाकिस्तान इतना डर गया था कि वह सीजफायर की गुहार लगाता नजर आ रहा था।
