बेरूत। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट को सीरिया से खदेड़ने के लिए रूस के हमले में 50 लोगों के मारे जाने की खबर है। बताया जाता है कि रूसी सेना की गोलीबारी और बमबारी से पूर्वी सीरिया में विस्थापित के शिविरों और उसके आसपास दर्जनों नागरिकों की मौत हो गई। सीरियाई ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के मुताबिक गोलीबारी और बमबारी दीर एजोर प्रांत में शुक्रवार की रात से जारी है। गोलीबारी और बमबारी में मारे गए लोगों में 20 बच्चे भी शामिल हैं। ब्रिटेन की निगरानी संस्था ने शनिवार को 26 लोगों की मौत होने की बात कही थी।
हमले में सीरिया के सीमावर्ती शहर अल्बु कमाल और विस्थापितों के गांवों और शिविरों को भी निशाना बनाया गया। अल्बु कमाल पर फिलहाल आतंकी संगठन आईएस का कब्जा है। आईएस को यहां से उखाड़ने के लिए हमले किए जा रहे हैं। सीरिया में वर्ष 2011 में राष्ट्रपति बशर अल असद के विरोध में प्रदर्शन से हुआ सिलसिला बाद में युद्ध में तब्दील हो गया। अब तक सीरिया में तीन लाख लोगों से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और लाखों लोगों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ा है। कई शहर खंडहर में तब्दील हो गए हैं।
