बीजिंग। चीनी अखबार ग्लोबल टाइम्स फिर दंभपूर्ण भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। अब उसने लिखा है कि अगर डोकलाम से भारतीय सेना ने कदम पीछे नहीं खींचे तो युद्ध होना तय है। अखबार ने मोदी सरकार के बारे में फिर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया है। इतना ही नहीं अखबार ने एक अन्य खबर में यह भी लिखा है कि डोकलाम से भारतीय जवानों को हटाने के लिए चीन छोटा सैन्य ऑपरेशन करने के बारे में भी सोच रहा है।
चीन के सैन्य एक्सपर्ट के अनुसार, चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी दो हफ्तों के अंदर डोकलाम में भारतीय सेना पर सीमित कार्रवाई के मूड में है। शंघाई एकेडमी ऑफ सोशल साइसेंज के इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल रिलेशंस में रिसर्च फेल हु जियोंग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में चीन की ओर से की गई टिप्पणियां दिखाती है कि चीन भारतीय सैनिकों को चीनी क्षेत्र में लंबे समय तक बर्दाश्त नहीं करेगा, चीन दो हफ्तों के भीतर भारत के खिलाफ सैन्य ऑपरेशन कर सकता है।
‘ग्लोबल टाइम्स’ ने हु जियोंग के हवाले से लिखा है कि चीन की सैन्य कार्रवाई का मकसद डोकलाम में मौजूद भारतीय सैनिकों को कैद करना या फिर उन्हें पीछे धकेलना शामिल होगा। अखबार ने यह भी लिखा है कि चीन इस ऑपरेशन को करने से पहले भारतीय विदेश मंत्रालय को जानकारी देगा।
पिछले 24 घंटे में चीन की तरफ से धमकियों का सिलसिला तेज हो गया है। विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और भारत में चीन के दूतावास से लेकर वहां का मीडिया तक भारत को धमकी दे रहे हैं कि डोकलाम से भारत अपने सैनिकों को हटा ले। चीन के मीडिया ने शुक्रवार को यह भी बताया कि तिब्बत में चीन की सेना ने युद्धाभ्यास किया है।
भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने गुरुवार को संसद में बयान दिया था कि युद्ध किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकता है इसके लिए बातचीत की आवश्यकता है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि भारत की सेना किसी भी स्थिति का सामना करने को तैयार है।
