नई दिल्ली। 11 अगस्त को जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में अमशीपोरा में 03 आतंकवादियों के मुठभेड़ में मारे जाने की घटना की सेना द्वारा जांच शुरू कर दी गई है।
यहां थलसेना के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना की उच्चस्तरीय अदालती जांच का आदेश दिया गया था। इसके तहत मुख्य गवाहों के बयान दर्ज किये जा रहे हैं। इस जांच प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा अतिरिक्त नागरिक गवाहों को भी बुलाया गया है। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर पुलिस की देखरेख में मारे गए युवकों के रिश्तोंदारों के डीएनए नमूने राजौरी से लिये जा रहे है और आतंकवादियों के नमूने से इनका मिलान हो रहा है।
थलसेना के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय थलसेना प्रतिविद्रोही कार्रवाई में नैतिकता बरतने को प्रतिबद्ध है। जिन मामलों में शंका जाहिर की जाती है उनकी जांच समुचित कानूनी प्रक्रिया के तहत की जाती है। प्रवक्ता ने कहा कि चूंकि मामले की जांच चल रही है इसलिये इसके विवरण समुचित वक्त पर कानूनी प्रक्रिया को प्रभावित किये बिना जारी किये जाएंगे।
