नई दिल्ली। 20 से 22 फरवरी तक बैंगलुरु के यलाहंका हवाई अड्डे पर आयोजित होने वाली भारत की अग्रणी रक्षा प्रदर्शनी ‘एरो इंडिया- 2019’ ने विजिटरों और बिजनेस भागीदारों की सुविधा के लिये एक अनोखा ऐप जारी किया है जिसकी बदौलत एरो इंडिया प्रदर्शनी का भ्रमण करना विजिटरों के लिये काफी आसान हो जाएगा।
इस रक्षा प्रदर्शनी का भ्रमण चाहने वाले विजिटरों को प्रवेश टिकट उसी तरह मिलेगा जैसे कि किसी सिनेमा हाल या फिर विमान का टिकट मिलता है। इस ऐप के जरिये अब तक 13 हजार विजिटरों ने टिकट खरीदे हैं। उन्हें अंदर प्रवेश करने के बाद अपने मनपसंद के हॉल मे जाने के लिये ऐप पर ही नक्शा दिखेगा जिसे देख कर बिना किसी से पूछे वह वहां पहुंच सकेंगे। पिछले दो दिनों में इस ऐप को एक हजार से अधिक लोगों ने अपने मोबाइल सेट पर डाउनलोड कर लिया है। गौरतलब है कि इस तरह का ऐप अब दुनिया की सभी नामी रक्षा प्रदर्शनियों में पेश किये जाने लगे हैं। ऐरो इंडिया- 2019 ऐप पर सभी 368 प्रदर्शक कम्पनियों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की जा सकती है।
पिछली बार की तुलना में इस बार की एरो इंडिया रक्षा व वैमानिकी प्रदर्शनी दो हॉलों में अधिक यानी आठ हॉलों में लगी है।
