नई दिल्ली। अगले साल बैंगलुरु के यलाहंका हवाई अडडे पर आयोजित हो रही एऱो- इंडिया रक्षा प्रदर्शनी के दौरान पहली बार ड्रोन ओलिम्पिक्स का भी आयोजन होगा। इस ड्रोन ओलिम्पिक्स में दुनिया की कई नामी कम्पनियां अपने नवीनतम ड्रोन पेश करेंगी। एरो इंडिया प्रदर्शनी के दौरान यह प्रतियोगिता 21 फरवरी को होगी।
यह प्रतियोगिता भारतीय औऱ अंतरराष्ट्रीय कम्पनियों के लिये खुली होगी। इस दौरान तीन किस्म की प्रतियोगिता होगी। ये हैं-
1. सर्वेलेंस चैलेंज- इसमें चार सब कैटगरी होगी, इसमें ड्रोन की टोही क्षमता को परखा जाएगा।
2. सप्लाई ड्राप चैलेंज- ड्रोनों के जरिये किसी दूर इलाके में माल गिराने की क्षमता को परखा जाएगा।
3. फार्मेशन फ्लाइंग चैलेंज- इसमें मानवरहित यानों के विभिन्न आकारों को पेश किया जाएगा।
इसमें विजेता भी घोषित होंगे जिन्हें मेडल औऱ नकद राशि भी दी जाएगी। यह करीब 38 लाख रुपये तक हो सकती है। यह इनाम तीनों वर्गों के प्रतियोगियों को दिया जाएगा।
ड्रोन ओलम्पिक्स के लिये एऱो इंडिया ने एक नया डिजाइन किया हुआ वेब पेज लॉन्च किया है। इसमें भाग लेने की अंतिम तिथि 26 जनवरी है।
