रायपुर। छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए एक हमले में एक पत्रकार की मौत हो गई और पुलिस के दो जवान शहीद हो गए। सूत्रों के अनुसार यह हमला दूरदर्शन की टीम पर किया गया जिसमें दूरदर्शन के कैमरामैन अच्युतानंद साहू की मौत हो गई। दूरदर्शन की यह टीम एक चुनावी कवरेज के लिए जा रही थी। इसी बीच नक्सलियों ने घात लगाकर हमला किया।
इस हमले के दौरान वहां मौजूद सुरक्षा बलों और नक्सलियों में मुठभेड़ भी हुई। वारदात नीलवाया के जंगलों में हुई। घटना में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबर है।
दंतेवाड़ा के नक्सली ऑपरेशन के DIG पी. सुंदरराज के मुताबिक पुलिस टीम जांच और निगरानी पर थी। दूरदर्शन की टीम भी उनके साथ थी। इसी बीच यह हमला हुआ जिसमें हमारे दो जवान शहीद हो गये और दो घायल हो गये। हमले में दूरदर्शन का कैमरामैन भी घायल हो गया जिनकी बाद में मौत हो गई।
गौरतलब है कि राज्य में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव से पहले नक्सलियों ने एक बार फिर खूनी खेल खेला है। कुछ दिन पहले सूबे के बीजापुर में भी नक्सलियों ने हमला किया था जिसमें चार जवान शहीद हो गये थे। राज्य की 90 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होना है। पहले चरण की 18 सीटों पर 12 नवंबर को और दूसरे चरण की 78 सीटों पर 20 नवंबर को वोट पड़ेंगे।
वहीं केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने दूरदर्शन के कैमरामैन की मौत पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि इस समय मृतक के परिवार के साथ हैं और हम उनके परिवार की देखभाल भी करेंगे। मैं सलाम करता हूं ऐसे मीडियाकर्मियों को जो इस तरह के खतरनाक इलाकों में कवरेज के लिए जाते हैं।
