नई दिल्ली। फ्रांस से पांच राफेल विमानों की पहली खेप के अम्बाला पहुंचने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने कई ट्वीट संदेशों में कहा है कि पक्षियों ने भारतीय आसमान में प्रवेश कर लिया है। अम्बाला में हैपी लैंडिंग।
पेशेवर तरीके से राफेल विमानों को भारत लाने पर राजनाथ सिंह ने भारतीय वायुसेना को बधाई दी। उन्होंने भरोसा जाहिर किया कि उडयम अजास्रम के अपने उद्देश्य वाक्य के अनुरुप 17 स्क्वाड्रन – गोल्डन एरो अपना प्रदर्शन करेगी। रक्षा मंत्री ने कहा कि वायुसेना की ताकत में भारी बढोतरी होने से उन्हें असीम खुशी हो रही है। राफेल विमानों के भारत पहुंचने से भारतीय सैन्य इतिहास में एक नये युग की शुरुआत होगी। ये बहुद्देश्यीय विमान भारतीय वायुसेना की क्षमताओं में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे।
राफेल विमानों की क्षमता का बखान करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राफेल का उडान प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इसके रेडार, हथियार, सेंसर और इलेक्ट्रानिक युदध क्षमताएं दुनिया के सर्वेश्रेष्ठ में से हैं। इनके भारत पहुंचने से भारतीय वायुसेना और मजबूत होगी और देश के सामने पेश किसी भी खतरे का मुकाबला कर सकेगी। उन्होंने कहा कि राफेल विमानों को इसलिये खरीदा गयाकि ये भारतीय वायुसेना की रणनीतिक जरुरतों को पुरी तरह पूरा कर रहे थे।
राफेल आयात करने का फैसला लेने के लिये रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहाकि राफेल जेट इसलिये खरीदे जा सके कि प्रधानमंत्री ने सही फैसला लिया। कोविड महामारी की वजह से पैदा परेशानियों के बावजूद राफेल विमानों को वक्त पर सौंपने के लिये उन्होंने फ्रासं सरकार , दासो कम्पनी और अन्य सहायक कम्पनियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जो कोई भी इस विमान को लेकर चिंतित है या आलोचनात्मक रुख अपना रहा है वे हमारी सम्प्रभुता को खतरा पहुंचाना चाहते हैं।
