नई दिल्ली। डोका ला विवाद में भारत चीन को कुटनीतिक तरीके से पटखनी देने की तैयारी में है। भारत ने एक मुहिम शुरू की जिसमें चीन की गलतबयानबाजी पर उसे घेरने के लिए अमेरिका, रूस, ऑस्ट्रेलिया, जापान सहित कई देशों को अपने रुख से अवगत कराया है।
भारत की ओर इस संबंध में सार्वजनिक रूप से कोई बयानबाजी नहीं की जा रही लेकिन जानकारों का कहना है कि चीन के प्रोपागैंडा का भारत पूरे तरीके से जवाब दे रहा है। उनका कहना है कि कई देशों में जिज्ञासा के आधार पर जानकारी दी गई है। अमेरिकी प्रशासन को पूरे विवाद की जानकारी शीर्ष स्तर पर दी जा चुकी है और भारत के रुख से अवगत कराया गया है। अलग-अलग लेवल पर रणनीतिक सहयोगियों को भारत ने पूरे मसले की जानकारी दी है। अमेरिका और जापान ने भारत के पक्ष का समर्थन किया है।
उधर, डोकलाम विवाद के मद्देनजर जापान खुलकर चीन के खिलाफ भारत और भूटान के साथ खड़ा है। मीडिया खबरों के मुताबिक भारत में जापान के राजदूत केनजी हिरामात्सु ने भारतीय राजनयिकों को अपने देश का अधिकारिक रुख साफ कर दिया है।
