नई दिल्ली। फ्रांस की राजधानी पेरिस में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की बुधवार को फ्रांस की रक्षा कंपनियों के साथ बैठक होगी। इस मीटिंग से पहले राजनाथ राफेल बनाने वाली कंपनी दसॉल्ट के प्लांट में जाएंगे।
फ्रांस ने दशहरा के दिन भारत को औपचारिक तौर पर पहला लड़ाकू विमान RB-001 राफेल सौंप दिया है। रक्षा मंत्री का राफेल लड़ाकू विमान में सामरिक उड़ान से पूर्व विजयादशमी के पावन अवसर पर ‘शस्त्र पूजा’ भी किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 8 अक्टूबर को पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों से बातचीत की। रक्षा मंत्री सोमवार को फ्रांस की 02 दिन की राजकीय यात्रा पर पेरिस पहुंचे थे। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापक रूप से द्विपक्षीय रक्षा साझेदारी के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की और दोनों देशों के बीच के संबंध को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। राजनाथ सिंह ने मुलाकात के बाद कहा कि मैंने राष्ट्रपति मैक्रों को विशेष रूप से रक्षा क्षेत्र में हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा हमारी ‘मेक इन इंडिया’ पहल के लिए उनके मजबूत समर्थन पर धन्यवाद दिया। रक्षा मंत्री ने फ्रांस के राष्ट्रपति को आतंकवाद से लड़ने सहित भारत के रणनीति हितों और सिद्धांतों को फ्रांस द्वारा दिए जा रहे जोरदार समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया।
#RafaleInduction : The Hon'ble Raksha Mantri has flown in the Rafale jet at French Air Force Base Bordeaux, France.
He along with VCAS interacted with the Rafale ground crew & technicians. pic.twitter.com/PZFOS8PJjY— Indian Air Force (@IAF_MCC) October 8, 2019
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पेरिस पहुंचने पर ट्वीट किया था कि फ्रांस भारत का महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है और भारत के साथ इसका विशेष संबंध औपचारिक रिश्तों के दायरे से कहीं आगे है। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि फ्रांस की यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच वर्तमान रणनीतिक साझेदारी को और विस्तारित करना है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति जैक शिराक के निधन पर भारत सरकार और भारत के नागरिकों की तरफ से हार्दिक संवेदना व्यक्त की और कहा कि शिराक ने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाई थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बाद में फ्रांस के सशस्त्र बलों की मंत्री फ्लोरेंस पारले के साथ-साथ बोडेक्स के मेरिगनेक में राफेल लड़ाकू विमान को सुपुर्द किए जाने के समारोह में भाग लेंगे।
