नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को केन्द्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर ‘हिमाचल रेजिमेंट’ के गठन की मांग की। मुख्यमंत्री ठाकुर ने रक्षा मंत्री को बताया कि हिमाचल प्रदेश के 1200 से ज्यादा जवानों ने देश की रक्षा के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया है। हिमाचल प्रदेश के जवानों को चार परमवीर चक्र और 1100 वीरता पुरस्कार मिल चुके हैं। उन्होंने रक्षा मंत्री से आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश के वीरों की सेवा को पहचान देने के लिए सरकार हिमाचल रेजिमेंट का गठन करे।
Shri @jairamthakurbjp , Hon Chief Minister of Himachal Pradesh called on Smt @nsitharaman pic.twitter.com/RpeZaZx57u
— Raksha Mantri (@DefenceMinIndia) February 19, 2018
मुख्यमंत्री ठाकुर ने रक्षा मंत्री को बताया कि राज्य के युवा सशस्त्र बलों में करियर बनाना चाहते हैं लेकिन भर्ती की जाने वाली पुरुष आबादी की अवधारणा के कारण राज्य के लिए भर्ती कोटे को कम कर दिया गया है। उन्होंने भर्ती कोटे को बढ़ाने की जरूरत पर भी जोर दिया। रक्षा मंत्री के साथ बातचीत में मुख्यमंत्री ठाकुर ने कांगड़ा हवाई अड्डे को विकसित करने का आग्रह भी किया। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे के विस्तार से इसका इस्तेमाल रक्षा उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके विस्तार के 500 एकड़ जमीन सरकार देने के लिए तैयार है। उन्होंने शहीदों की याद में धर्मशाला में निर्मित युद्ध स्मारक में रक्षा उपकरणों को स्थानांतरित करने का अनुरोध भी किया।
रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मांगों पर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
