नई दिल्ली। इजरायल के साथ भारत के रक्षा संबंधों के इतिहास में एक नया पन्ना इस साल और जुड़ने वाला है। भारतीय वायुसेना पहली बार इस साल नवंबर में होने वाले इजरायली युद्धाभ्यास ‘ब्लू फ्लैग’ में भाग लेने जा रही है। इजरायल में यह अब तक का सबसे बड़ा युद्धाभ्यास होगा। इसमें भारत और इजरायल के अलावा अमेरिका, इटली, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस और पोलैंड हिस्सा लेंगे।
दो हफ्ते तक चलने वाले इस युद्धाभ्यास में भारत के लड़ाकू विमान भाग लेंगे। यह युद्धाभ्यास सन 2013 में शुरू हुआ था और 2015 तक जारी रहा। इसमें अमेरिका, ग्रीस और पोलैंड भाग लेते थे। इस साल आठ वायुसेनाओं के करीब 100 लड़ाकू विमान इसमें शामिल होंगे। इनके अलावा 35 देश पर्यवेक्षक के रूप में भाग लेंगे।
इस साल जून में तेल अवीव में हुई आईएसडीईएफ प्रदर्शनी में भारत की 55 रक्षा कंपनियों ने भी हिस्सा लिया था। जुलाई के पहले हफ्ते में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल की यात्रा पर आए थे। इजरायल की यात्रा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
