श्रीनगर। कश्मीर घाटी में पिछले 24 घंटे में हिमस्खलन व बर्फीले तूफान की चपेट में आकर 06 सैनिकों समेत 12 लोगों की मौत हो चुकी है। हिमस्खलन में 03 सैन्य चौकियां भी क्षतिग्रस्त हुईं हैं।
पुलिस और रक्षा सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को नियंत्रण रेखा पर माछिल सेक्टर में सेना की एक चौकी हिमस्खलन की चपेट में आ गईं जिसमें 05 सैनिक फंस गए। बचाव अभियान चलाया गया लेकिन किसी भी सैनिक को बचाया नहीं जा सका। उधर कश्मीर रामपुर और गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन से सेना के पोस्टों को नुकसान पहुंचा है। कई लोग भी भारी बर्फबारी की चपेट में आ गए।
एक अन्य घटना कश्मीर के नवगाम सेक्टर में हुई जिसमें LoC पर बीएसएफ की चौकी पर हिमस्खलन हुआ जिसमें एक जवान की मौत हो गई। शहीद जवान की पहचान बल की 77वीं बटालियन के कांस्टेबल गंगाबारा के रूप में की है। वह बंगाल के जलपाईगुड़ी के रहने वाले थे।
गौरतलब है कि हिमस्खलन की चपेट मे आकर पिछले 04 साल के दौरान 74 भारतीय जवान शहीद हो चुके हैं।
