नई दिल्ली। फ्रांस से खरीदे गए राफेल लड़़ाकू विमान को लेकर चल रह राजनीतिक रस्साकशी के बीच रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण फ्रांस की चार दिनों की यात्रा पर पेरिस के लिये आज (10 अक्टूबर) रवाना हुईं। यहां आधिकारिक सूत्रों ने इस दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि निर्मला सीतारमण का फ्रांस दौरा दोनों देशों के बीच चलने वाली रक्षा वार्ता के तहत हो रहा है जिसके लिये वह फ्रांस की अपनी समकक्ष मंत्री फ्लोरेंस पारले के साथ रक्षा सहयोग और आदान प्रदान को गहरा करने के नये उपायों पर बातचीत करेंगी।
इस दौरे में दोनों रक्षामंत्री आपसी हितों के मसलों के अलावा क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक मसलों पर भी बात करेंगी। दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच रक्षा वार्ता यानी डिफेंस डायलाग का यह पहला संस्करण कहा जा रहा है। दोनों देशों ने आपसी रक्षा सहयोग को और गहरा करने के लिये आपसी वार्ता का यह नया ढांचा लागू व्यवहार में लाया है। गौरतलब है कि भारत और फ्रांस के बीच उच्च्स्तर का सैन्य आदानप्रदान होता है। दोनों देश की नौसेनाएं हर साल वरुण साझा नौसैनिक अभ्यास एक दूसरे के समुद्री इलाके में करती हैं।
आघिकारिक सूत्रों ने कहा कि आपसी रक्षा सहयोग के मसलों पर बातचीत के अलावा निर्मला सीतारमण फ्रांस की डसाल्ट कम्पनी द्वारा बनाए जा रहे 36 राफेल लड़ाकू विमानों के निर्माण की प्रगति का भी जायजा लेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अप्रैल , 2015 में पेरिस दौरे में फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों को खरीदने के फैसले का ऐलान किया था।
