नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के एक जवान ने अपने साथी की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। मीडिया खबरों के मुताबिक बताया जाता है कि दोनों जवानों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। बाद में एक जवान ने दूसरे जवान को गोली मार दी। मृतक जवान का नाम जगप्रीत सिंह बताया गया है और गोली चलाने वाले आरोपी का नाम अजीत सिंह बताया गया है। दोनों जवान गुड़गांव में BSF की 95वीं बटालियन से हैं।
Ghaziabad: BSF constable Jagpreet Singh allegedly shot dead by another BSF constable at around 8 am today at Bal Bharti school in Link Road area where BSF company is staying. Accused taken into police custody
— ANI UP (@ANINewsUP) October 1, 2018
खबरों के मुताबिक BSF जवानों की एक बटालियन गाजियाबाद में लिंक रोड के एक स्कूल में ठहरी हुई है। समझा जाता है कि वारदात से पहले दोनों जवानों के बीच किसी बात को लेकर सुबह कहा-सुनी हुई। बताया जाता है कि दोनों के बीच रविवार को भी किसी बात पर बहस हुई थी। बताया जाता है कि सोमवार सुबह अजीत सिंह ने जगप्रीत सिंह को गोली मार दी। गुरदासपुर पंजाब के निवासी मृतक जगप्रीत सिंह 30 वर्ष के थे। आरोपी अजीत सिंह मलकपुर पठानकोट का निवासी है। दोनों ही वर्ष 2012 में सीमा सुरक्षा बल में भर्ती हुए थे। बताया यह भी जाता है कि दोनों अच्छे दोस्त थे और अकसर साथ रहते थे। घटना की जांच की जा रही है कि आखिर ऐसी क्या बात हुई कि एक ने दूसरे को गोली मार दी।
