नई दिल्ली। वर्ष 2013 में नेपाल की तरफ से और पिछले वर्ष चीन की तरफ से माउंट एवरेस्ट की चोटी को फतह करने वाली हरियाणा पुलिस की एडीशनल SHO अनिता कुंडू का लक्ष्य अब सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह करना है। मीडिया खबरो के मुताबिक अनिता कुंडू शेष छह चोटियों को फतह करने के अपना अभियान आगामी एक मार्च से शुरू करेंगी। अनिता के जज्बे को देखते हुए पूरी उम्मीद है कि वह सातों चोटियों को फतह करने में कामयाब रहेंगी और यह लक्ष्य हासिल करने वाली वह भारत की पहली महिला बन सकती है।
सातों महाद्वीपों की सातों चोटियों के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अनिता को लगभग डेढ़ वर्ष का समय लगेगा। समय की तो कोई बात नहीं लेकिन इस अभियान पर आने वाला खर्चा जरूर अनिता के लिए चुनौती बना हुआ है। इस अभियान पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का खर्च आएगा। अभियान शुरू करने की तारीख नजदीक है और अभी कोई स्पॉन्सर नहीं मिला है लेकिन इसके बावजूद अनिता ने हिम्मत नहीं हारी है। हालांकि मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

एसएचओ अनीता कुंडू (फाइल)
अनिता कुंडू के जीवन में पहाड़ जैसी चुनौतियां रही हैं। वह बॉक्सर बनना चाहती थी। जब उनके पिता ईश्वर कुंडू का एक दुर्धटना में निधन हुआ तो अनिता महज 13 वर्ष की थी। बॉक्सर बनने के सपने को पीछे छोड़ अनिता ने मां के साथ खेतीबाड़ी संभाली। वर्ष 2008 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हो गई। वर्ष 2013 नेपाल की तरफ से अनिता ने माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह की तो हरियाणा सरकार ने उन्हें सब इंस्पेक्टर बना दिया।
