नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय द्वारा हर दो साल पर आयोजित की जाने वाली 11वीं रक्षा प्रदर्शनी डेफएक्सपो अगली बार फरवरी में लखनऊ में आयोजित होगी। पिछली बार यह प्रदर्शनी चेन्नई औऱ इसके पहले गोवा में आयोजित की गई थी लेकिन अब प्रदर्शनी स्थल को लखनऊ बदलने का फैसला काफी अहम है।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि सरकार उत्तर प्रदेश में रक्षा कोरिडोर का विकास कर रही है इसलिये सैन्य साज सामान और शस्त्र प्रणालियों का आयोजन लखनऊ में करने का फैसला राज्य में रक्षा उद्योग को बढ़ावा देने के इरादे से किया गया है। इस प्रदर्शनी के जरिये भारतीय रक्षा उत्पादकों को अपने साजसामान के निर्यात का काफी अच्छा अवसर मिलेगा।
प्रदर्शनी में भारत के अलावा दुनिया की अग्रणी रक्षा कम्पनियां अपनी रक्षा प्रणालियों का प्रदर्शन करेंगी। इस प्रदर्शनी के जरिये न केवल कम्पनियों को आपस में सम्पर्क बनाने का मौका मिलता है बल्कि सरकारी स्तर पर भी दो देशों के बीच सम्बन्ध मजबूत होते हैं।
यहां रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस प्रदर्शनी को लखनऊ में करवाने का फैसला बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में एक मजबूत रक्षा ढांचा खड़ा हो चुका है। राज्य में हिंदुस्तान ऐरोनाटिक्स के चार कारखाने लखनभ, कोरवा, कानपुर औऱ नैनी में हैं। इसके अलावा राज्य में 09 आयुध कारखाने भी हैं।
इसके अलावा देश में विकसित किये जा रहे दो रक्षा गलियारो में एक का विकास उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डेफ एक्सपो के जरिये विदेशी रक्षा कम्पनियों को भारतीय रक्षा कम्पनियों के साथ रिश्ते बनाने का मौका मिलेगा। इस प्रदर्शनी में कई देशों के मंत्रिस्तर शिष्टमंडल भाग लेंगे। उन्हें भारत को रक्षा उत्पादों को बनाने वाले एक गढ़ के तौर पर विकसित होते हुए देखने का मौका मिलेगा।
