नई दिल्ली। भारतीय सेना जम्मू-कश्मीर जैसे तनावग्रस्त इलाकों में महिला प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए अब जल्द महिला सैनिकों को तैनात करेगी। सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने शनिवार को देहरादून में पासिंग ऑउट परेड में कहा कि सैन्य पुलिस में अब महिलाओं की बहाली शुरू की जाएगी।
Kyunki humlog kayi baar jab operation mein jaate hain awaam ka saamna karna padta hai. kayi baar ladies hamare aage aa jaati hai: Army chief pic.twitter.com/hAl7stM7J7
— ANI (@ANI) June 10, 2017
जनरल रावत ने कहा कि हमें रैंक एंड फाइल (सैन्य टुकड़ी) में महिलाओं की जरूरत है, क्योंकि हम लोग कई बार जब ऑपरेशन में जाते हैं तो वहां आवाम का सामना करना पड़ता है। कई बार महिलाएं हमारे आगे आ जाती हैं। उन्होंने कहा कि हम पहले मिलिट्री पुलिस में महिलाओं की भर्ती शुरू करेंगे और वह अगर वहां सफल साबित होती हैं, तब अगले कदम पर विचार किया जाएगा।
Indian Army will appoint women in military police: General Rawat
Read @ANI_news story -> https://t.co/g1dArEz0bx pic.twitter.com/3hoBf1x24z
— ANI Digital (@ani_digital) June 10, 2017
बता दें कि मिलिट्री पुलिस कैंटोनमेंट और सैन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में काम करती है। इसके साथ युद्ध और शांति के समय सैनिकों के आवागमन में मदद करती है। इसके अलावा मिलिट्री पुलिस के जिम्मे युद्धबंदियों की भी जिम्मेदारी होती है और जरूरत पड़ने पर सिविल पुलिस को भी मदद करती है।
- अब तक लड़ाकू भूमिकाओं से महिलाएं दूर थीं
मौजूदा समय में महिलाओं की नियुक्ति कुछ चुनिंदा क्षेत्रों में ही होती है। इनमें मेडिकल्स, लीगल, शिक्षा, सिग्नल और इंजीनियरिंग विंग हैं। ऑपरेशनल चुनौतियों और लॉजिस्टिकल इश्यूज की वजह से महिलाओं को अब तक लड़ाकू भूमिकाओं में नहीं रखा जाता है। हालांकि सेना प्रमुख ने कहा कि वह महिलाओं की नियुक्ति के लिए तैयार हैं और इस पर सरकार के साथ बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि लड़ाकू भूमिकाओं में महिलाओं को अपनी ताकत और दृढ़ता दिखानी होगी, ताकि बनी बनाई रूढ़ियां तोड़ी जा सकें।
- सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल
वहीं कश्मीर में जारी तनाव और विरोध प्रदर्शनों पर जनरल रावत ने कहा, कश्मीर के युवाओं को सोशल मीडिया पर फर्जी खबरों के जरिये भड़काया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा, अगर हमारे पास आधुनिक टेक्नोलॉजी हो और सही तरह से उसे इस्तेमाल किया जाए, तो हम भी सक्षम होंगे और आवाम को भी इतनी तकलीफ नहीं होगी।
पिछले महीने के अंत में चीनी सेना का हेलिकॉप्टर भारतीय सीमा में घुस आया था। हालांकि सेना प्रमुख ने इसे घुसपैठ मानने से इनकार करते हुए कहा, कभी-कभी चीन हेलिकॉप्टर इस्तेमाल करता है, हम भी इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अनुभव बताता है कि घुसपैठ हो रही है।
- आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने ली सलामी

आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने बतौर रिव्यूइंग अफसर परेड की सलामी ली
बता दें कि भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में ट्रेनिंग लेने वाले 490 जांबाज कैडेट आज पासआउट हो गए। पासिंग आउट परेड में अंत में 423 जांबाज अफसर भारतीय सेना का मुख्य अंग बन गए। इसके अलावा मित्र राष्ट्रों के 67 कैडेट भी शामिल हुए। आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत ने बतौर रिव्यूइंग अफसर परेड की सलामी ली। इस दौरान ट्रेनिंग में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित भी किया गया। पास आउट होने वाले कैडेटों के हिसाब से पहले स्थान पर यूपी, दूसरे नंबर पर हरियाणा और तीसरे नंबर पर उत्तराखंड है।
राज्यवार कैडेटों की संख्या
- उत्तरप्रदेश- 74, हरियाणा- 49, उत्तराखंड- 40, बिहार- 28, चंडिगढ़- 6, छत्तीसगढ़- 2, दिल्ली- 23, गुजरात- 3, हिमाचल प्रदेश- 21, जम्मू-कश्मीर- 11, झारखंड- 5, कर्नाटक- 11, केरल- 17, मध्य प्रदेश- 13, महाराष्ट्र- 24, मणिपुर- 8, नगालैंड- 1, आंध्रप्रदेश- 7, असम-7, ओडिशा- 5, पंजाब- 17, राजस्थान- 30, तमिलनाडू-5, तेलंगाना-1, पश्चिम बंगाल- 11
ये विदेशी कैडेट्स सेना की मुख्यधारा में शामिल होंगे
- अफगानिस्तान के 48, ताजिकिस्तान के 8, फिजी के 3, तंजानिया के 2 कैडेट्स शामिल होंगे। पापुआ न्यू गिनी, किर्गिस्तान, भूटान, टोंगा, सूडान, लैसथो के 1-1 कैडेट पास आउट होंगे।
