नई दिल्ली। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सैनिक स्कूल की स्थापना की जा रही है। अंडमान और निकोबार द्वीप प्रशासन ने सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए उत्तरी अंडमान के डिगलीपुर में जमीन की पहचान कर ली है। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने स्कूल स्थल का निरीक्षण कर लिया है। अंडमान और निकोबार प्रशासन से स्कूल स्थल के लिए पर्यावरण और वन मंजूरी प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।
यह जानकारी लोकसभा में बुधवार को विष्णु पद रे द्वारा उठाए गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में रक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुभाष भामरे द्वारा दी गई।
गौरतलब है कि अभी देश में 26 सैनिक स्कूल हैं और देश के अलग-अलग हिस्सों में 21 नए सैनिक स्कूल खोले जा रहे हैं। इन 21 स्कूलों में से चार उत्तर प्रदेश के अमेठी, झांसी, मैनपुरी और बागपत में भी खुलेंगे। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और पंजाब के गुरदासपुर और झारखंड के गोड्डा में भी सैनिक स्कूल खोलने का प्रस्ताव है। सरकार ने इन 21 स्कूलों के लिए 80 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। सैनिक स्कूलों से पढ़ाई करने वाले अनेक छात्रों ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी ज्वाइन किया।
